NEWS SAGA DESK
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने मंगलवार को भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा और उससे जुड़े “कुछ कोचिंग दलालों” ने झारखंड के युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी। जेएमएम ने कहा कि खुशी की बात है कि झारखंडी युवाओं के सपनों को बरबाद करने की कोशिशें सफल नहीं हुईं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने कार्यकाल में एक भी JSSC CGL परीक्षा नहीं करा पाई, और यही उसकी “सबसे बड़ी टीस” रही। इसी वजह से भाजपा ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर JSSC CGL परीक्षा को बाधित करने और अन्य परीक्षाओं को लेकर अफवाह फैलाने की कोशिश की।
जेएमएम ने कहा कि युवा कितने दबाव और अनिश्चितता में रहे होंगे, इसका अंदाज़ लगाना मुश्किल है। पार्टी ने सवाल उठाया कि भाजपा को झारखंडी युवाओं से “इतनी नफरत क्यों है?” साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन “साजिशों” को पहले से समझते रहे, इसलिए भाजपा को हर बार “मुंह की खानी पड़ी।”
पार्टी ने दावा किया कि अब पूरा झारखंड भाजपा से जवाब मांग रहा है और यह मुद्दा यहीं खत्म नहीं होगा।
No Comment! Be the first one.