दो साल बाद जारी हुआ जेपीएससी सिविल जज प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, 1844 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल

NEWS SAGA DESK

रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा आयोजित होने के लगभग दो वर्ष बाद जारी इस परिणाम का अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। यह परीक्षा 10 मार्च 2024 को रांची सहित राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 9 फरवरी 2026 को पारित आदेश के आलोक में परीक्षा की संशोधित उत्तर कुंजी तैयार की गई। इसी संशोधित उत्तर कुंजी के आधार पर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम प्रकाशित किया गया है।

138 पदों के लिए हुई थी परीक्षा

जेपीएससी ने वर्ष 2023 में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के 138 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया था। अब जारी संशोधित परिणाम के अनुसार कुल 1844 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है।

अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

हाईकोर्ट में लंबित मामलों के अंतिम फैसले पर निर्भर रहेगा परिणाम

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परिणाम झारखंड हाईकोर्ट में लंबित विभिन्न मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इनमें सिविल रिव्यू (फाइलिंग) संख्या-1736/2026 समेत अन्य संबंधित याचिकाएं शामिल हैं। ऐसे में न्यायालय के अंतिम आदेश के अनुसार आगे की प्रक्रिया में बदलाव संभव है।

त्रुटि मिलने पर संशोधन का अधिकार सुरक्षित

जेपीएससी ने यह भी कहा है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि, टंकण संबंधी गलती या अन्य विसंगति पाई जाती है तो उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हाल ही में आयोग ने इस परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी जारी की थी। इसके बाद संशोधित मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर परिणाम प्रकाशित किया गया है। अब सफल अभ्यर्थियों की निगाहें मुख्य परीक्षा की तिथि और आगे की चयन प्रक्रिया पर टिकी हैं।

Read More News

राज्यसभा चुनाव : हेमंत सोरेन-भूपेश बघेल मुलाकात से बढ़ी सियासी हलचल, JMM-कांग्रेस की रणनीति पर सबकी नजर

झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल की अहम बैठक...

नितिन नवीन झारखंड दौरा: रामगढ़ और बोकारो में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत, जगह-जगह पुष्पवर्षा

News Saga Desk नितिन नवीन झारखंड दौरा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का रामगढ़ और बोकारो जिले...

Read More