जेपीएससी ने जारी किया सिविल जज प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बदली आंसर-की

NEWS SAGA DESK

रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। यह परिणाम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तैयार की गई संशोधित उत्तर कुंजी (आंसर-की) के आधार पर प्रकाशित किया गया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 मार्च 2024 को आयोजित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या-22/2023) का संशोधित परीक्षाफल सुप्रीम कोर्ट में लंबित एसएलपी (सिविल) संख्या-21079/2025 तथा अन्य संबंधित मामलों में 9 फरवरी 2026 को पारित आदेश के आलोक में तैयार किया गया है।

कोर्ट के निर्देश पर संशोधित की गई उत्तर कुंजी

जेपीएससी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद परीक्षा की उत्तर कुंजी में आवश्यक संशोधन किए गए। संशोधित आंसर-की के आधार पर पुनर्मूल्यांकन कर नया परिणाम तैयार किया गया, जिसे आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि, टंकण गलती या अन्य तकनीकी त्रुटि पाई जाती है तो उसमें सुधार करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

हाईकोर्ट में लंबित मामलों से प्रभावित होगी आगे की प्रक्रिया

आयोग के अनुसार, परीक्षा और उसका परिणाम झारखंड हाईकोर्ट में लंबित विभिन्न मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इनमें सिविल रिव्यू (फाइलिंग) संख्या-1736/2026, डब्ल्यूपी (एस) संख्या-6602/2024 में सुलोचना कुमारी बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य, डब्ल्यूपी (एस) संख्या-169/2025 में रामेश्वर सिंह बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य सहित अन्य समरूप मामले शामिल हैं।

ऐसे में अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया तथा न्यायालय से संबंधित अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी

जेपीएससी ने बताया कि संशोधित परिणाम के साथ विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति भी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी वहां जाकर परिणाम और उससे संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।

Read More News

राज्यसभा चुनाव : हेमंत सोरेन-भूपेश बघेल मुलाकात से बढ़ी सियासी हलचल, JMM-कांग्रेस की रणनीति पर सबकी नजर

झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल की अहम बैठक...

नितिन नवीन झारखंड दौरा: रामगढ़ और बोकारो में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत, जगह-जगह पुष्पवर्षा

News Saga Desk नितिन नवीन झारखंड दौरा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का रामगढ़ और बोकारो जिले...

Read More