कंचन सिंह ने सिमडेगा डीसी का किया पदभार ग्रहण

News Saga Desk

सिमडेगा। सिमडेगा जिला की नवपदस्थापित उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह ने आज पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान उपायुक्त श्री अजय कुमार सिंह ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार दोराईबुरु, परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की, अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, एलआरडीसी अरुणा कुमारी समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

उपस्थित सभी अधिकारियों ने श्रीमती कंचन सिंह को पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उपायुक्त श्रीमती सिंह ने कहा कि वह जिले के सर्वांगीण विकास, प्रशासनिक पारदर्शिता और जनहित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका उद्देश्य रहेगा।

कंचन सिंह ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की स्थिति का अवलोकन किया। उपायुक्त ने सभी कर्मियों को समय पर कार्यालय आने, कार्यालयी अनुशासन बनाए रखने तथा परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने की दृढ़ता पर बल दिया। उपायुक्त श्रीमती सिंह ने समाहरणालय में कार्य कराने आये ग्रामीणों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।


Read More News

साक्षात्कार : ज्ञान के आधार पर भारत को विश्वगुरु बनाने का मूल प्राचीन ग्रंथों में निहित : एकनाथ शिंदे

वाराणसी, भारत अपनी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार की दिशा में एक ऐतिहासिक...

Read More