NEWS SAGA DESK
रांची: राजधानी रांची में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण ट्रैफिक समस्या गंभीर होती जा रही है। सीमित चौड़ी सड़कों के कारण करमटोली से साइंस सिटी और चिरौंदी चौक तक रोजाना वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं। रिंग रोड के चालू होने के बाद इस मार्ग पर यातायात का बोझ और बढ़ गया है। ऐसे में करमटोली से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक 3.216 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण की योजना राजधानी के लिए बड़ी राहत साबित होने वाली है।
यह प्रस्तावित फ्लाईओवर करमटोली को साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी चौक से जोड़ेगा। परियोजना में मोरहाबादी तक 516 मीटर का एक जरूरी लिंक रोड भी शामिल किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य अल्बर्ट चौक, दिव्यायन चौक, साइंस सिटी और चिरौंदी चौक जैसे अत्यधिक व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या को स्थायी रूप से दूर करना है।
फ्लाईओवर के निर्माण से रामगढ़ और हजारीबाग की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को सुगम आवागमन मिलेगा। साथ ही यह रिंग रोड और एनएच-20 से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा, जिससे पूरे शहर के ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है, जिससे निकट भविष्य में इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
बताया गया कि इसी वर्ष सितंबर में विभाग द्वारा प्रस्तुत प्रेजेंटेशन देखने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ और करमटोली चौक से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर आगे की कार्ययोजना पर काम करने का निर्देश दिया था। उल्लेखनीय है कि हाल के महीनों में सिरम टोली से मेकॉन, कोकर से बहुबाजार और रातू रोड पर बने फ्लाईओवरों से राजधानी में ट्रैफिक लोड काफी हद तक कम हुआ है।
No Comment! Be the first one.