News Saga Desk
लातेहार: पुलिस ने जिले में नशे के कारोबार पर सख्त संदेश देने के लिए बालुभांग पंचायत में अफीम की अवैध खेती नष्ट कर दी है। बारियातू पुलिस ने श्रीसमाद, बेलवाटिकर और सोहगरा गांवों में अभियान चलाकर 30 एकड़ में लगी अफीम (पोस्ता) की खेती को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट किया।
एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि बालुभांग पंचायत के कई गांवों में वन भूमि और गैर-मजरूआ जमीन पर बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान और मनातू पिकेट की टीम ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और अवैध खेती को नष्ट किया।
पुलिस अब उन लोगों की पहचान में जुटी है, जो अफीम की खेती, खरीद-बिक्री और नशे के कारोबार में शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि इनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो लोग अफीम की अवैध खेती में शामिल हैं, उन्हें खुद इसे नष्ट कर देना चाहिए, अन्यथा उन्हें कानूनी कार्रवाई और सजा भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। जिले में नशे की खेती और कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
No Comment! Be the first one.