News Saga Desk
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को राज्यव्यापी “नशा मुक्त झारखंड” जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड मंत्रालय परिसर से प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर राज्य के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया।
यह अभियान नशीले एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थों के सेवन, तस्करी और उनके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। प्रचार वाहनों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। यह केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज के लिए भी गंभीर चुनौती बन जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह) वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
No Comment! Be the first one.