असम विमान हादसे में शहीद पांच वायु योद्धाओं को नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

NEWS SAGA DESK

नई दिल्ली :- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शनिवार को असम के जोरहाट स्थित रौरिया एयरफोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के एएन-32 परिवहन विमान दुर्घटना में शहीद हुए पांच वायु योद्धाओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, “असम के जोरहाट में एएन-32 विमान हादसे में पांच वायु योद्धाओं के निधन से गहरा दुख हुआ है। स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। देश उनके साहस, समर्पण और सेवा को हमेशा गर्व और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि देश ने अपने पांच वीर वायु योद्धाओं को खो दिया है, जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि असम में भारतीय वायुसेना के विमान दुर्घटना में पांच बहादुर जवानों के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि असम में वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच वीर जवानों की शहादत का समाचार बेहद दुखद है। देश हमेशा अपने सैनिकों और उनके परिवारों का ऋणी रहेगा। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

Read More News

Read More