NEWS SAGA DESK
जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र से साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने सिदगोड़ा थाना में पदस्थापित आरक्षी चालक मनीष कुमार दुबे को निशाना बनाते हुए उनके दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 4 हजार 900 रुपये की ठगी कर ली। इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल लेनदेन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित मनीष कुमार दुबे के अनुसार, ठगों ने शातिर तरीके से उनके बैंक खातों की गोपनीय जानकारी हासिल की और एक खाते से 90 हजार रुपये, जबकि दूसरे खाते से 14 हजार 900 रुपये की अवैध निकासी कर ली। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो वे हैरान रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने संबंधित थाना और साइबर सेल को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ठगों ने किस माध्यम से खातों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ओटीपी को साझा न करें। साइबर ठगी की किसी भी घटना की तुरंत सूचना पुलिस या साइबर सेल को देने की सलाह दी गई है।
No Comment! Be the first one.