कतरास में ज्वेलरी शोरूम में बड़ी चोरी, थाने से 200 मीटर दूर अपराधियों ने गार्ड को बनाया बंधक

News Saga Desk

धनबाद: कोयलांचल क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला कतरास थाना क्षेत्र का है, जहां पचगढ़ी बाजार स्थित खेतान टावर में संचालित जमनादास बिसेसरलाल ज्वेलर्स में तड़के सुबह बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। हैरानी की बात यह है कि यह ज्वेलरी दुकान कतरास थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने सबसे पहले दुकान में तैनात गार्ड को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने शातिराना तरीके से साइड शटर काटकर दुकान के भीतर प्रवेश किया और बड़ी मात्रा में कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए।

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में करीब एक दर्जन संदिग्ध अपराधी वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान मालिक को भी चोरी की जानकारी दे दी है।

इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यवसायियों का कहना है कि जब थाना के इतने पास स्थित बड़ी दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों और छोटे व्यापारियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। व्यापारियों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनसे जोगता थाना में पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस के वरीय अधिकारियों की ओर से अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More