NEWS SAGA DESK
राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में तेजी से जुट गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले में भी चुनावी गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नगर निकाय क्षेत्रों के मतदान बूथों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। निरीक्षण के बाद इन बूथों की मरम्मत, पेयजल और रैंप जैसी सुविधाओं को दुरुस्त किया जाएगा।
फरवरी या मार्च में हो सकता है चुनाव घोषित
प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि राज्य सरकार फरवरी में चुनावों का एलान कर सकती है। फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च में मतदान कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। जमशेदपुर में इस बार मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में चुनाव होने हैं। इसके लिए करनडीह स्थित बाजार समिति परिसर को मुख्य चुनाव केंद्र चुना गया है। नगर निकाय चुनाव बैलट पेपर से कराए जाएंगे।
बाजार समिति में होगी मतगणना, बनेगा वज्रगृह
जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि मतगणना भी बाजार समिति में ही कराई जाएगी। मतपेटिकाओं को सुरक्षित रखने के लिए यहीं वज्रगृह बनाया जाएगा। मतगणना के दिन इन्हीं पेटियों को निकालकर गिनती की जाएगी। हाल ही में हुए घाटशिला उपचुनाव तथा 2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान मतगणना को-ऑपरेटिव कॉलेज में की गई थी, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हुई थी। इस कारण इस बार स्थान बदलकर बाजार समिति को चुना गया है।
निर्वाचन आयोग ने तैयारी तेज करने को कहा
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने डीसी कर्ण सत्यार्थी को पत्र भेजकर चुनाव तैयारी में तेजी लाने को कहा है। आयोग ने मतदान केंद्रों का जायजा लेने और जो भी कमी हो उसे दूर कराने का निर्देश दिया है। सभी मतदान केंद्रों पर दिव्यांगजन के लिए रैंप अनिवार्य होगा।
एक चरण में होंगे चुनाव, आरक्षण प्रक्रिया जारी
झारखंड में नगर निकाय चुनाव एक ही चरण में कराए जाने की संभावना है। इसके लिए निर्वाचन आयोग जल्द ही कोषांगों का गठन करेगा। सभी जिलों में ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब वार्ड आरक्षण का काम तेज हो गया है। अंचल अधिकारी वार्ड आरक्षण का प्रारूप तैयार कर रहे हैं, जिसे जिला पंचायत राज विभाग और फिर डीसी की जांच के बाद निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। आयोग अंतिम आरक्षण चार्ट जारी करेगा।
No Comment! Be the first one.