भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक संपन्न, कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

रांची में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, इमरजेंसी दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

News Saga Desk

रांची। झारखंड भाजपा ने आगामी संगठनात्मक और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले एक माह के दौरान हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पदभार ग्रहण करने के बाद संगठन को अधिक प्रभावी, सक्रिय और परिणाममुखी बनाने के उद्देश्य से मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ, जिला और प्रदेश स्तर पर नियमित मासिक बैठकों की श्रृंखला शुरू की गई है। इसी कड़ी में प्रत्येक माह की 15 तारीख को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है और आज उसी प्रक्रिया की शुरुआत की गई है।

अमर कुमार बाउरी ने बताया कि बैठक में पिछले एक माह के दौरान संपन्न हुए विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी एक माह के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

बैठक में आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर विशेष चर्चा हुई। भाजपा ने निर्णय लिया है कि पूरे झारखंड में व्यापक स्तर पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर योग के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों के अंतर्गत भाजपा किसान मोर्चा द्वारा राज्य के प्रत्येक जिले में जैविक खेती (ऑर्गेनिक फार्मिंग) पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

भाजपा ने 23 जून को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अमर बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया है। पार्टी कार्यकर्ता राज्यभर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कर उनके योगदान को याद करेंगे।

वहीं 25 जून को देश में लगाए गए आपातकाल (इमरजेंसी) की वर्षगांठ के अवसर पर लोकतंत्र पर हुए प्रहार को याद करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय था और नई पीढ़ी को इसके बारे में जागरूक करना जरूरी है।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया झारखंड प्रवास, हाल में संपन्न प्रशिक्षण वर्ग और मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर चल रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई। साथ ही आगामी एक माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत खाका तैयार किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, गीता कोड़ा, सुनील सोरेन, गणेश मिश्रा, मनोज सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि संगठनात्मक मजबूती और जनसरोकार के मुद्दों पर लगातार काम करते हुए पार्टी आगामी दिनों में राज्यभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाएगी।

Read More News

शिरडी में साईं बाबा के दर्शन कर बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आध्यात्मिक स्थलों से मिलती है प्रेरणा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र प्रवास के दौरान शिरडी पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार...

Read More