News Saga Desk
रांची: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर गुरुवार (12 फरवरी) को रांची सदर के अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
नगरपालिका चुनाव के तहत 27 फरवरी 2026 को इसी केंद्र पर मतगणना कार्य कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मतगणना स्थल पर चल रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान मतगणना हॉल की संरचना, टेबलों की क्रमवार व्यवस्था, वार्डवार एवं पदवार मतगणना कक्षों का निर्धारण, बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, प्रत्याशियों व उनके अधिकृत अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था, मीडिया कक्ष, कंट्रोल रूम और वेटिंग एरिया की तैयारियों की समीक्षा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। एसडीओ ने पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के लिए मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा मतपेटियों के सुरक्षित भंडारण के लिए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और सीलिंग प्रक्रिया, निर्बाध विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
एसडीओ कुमार रजत ने स्पष्ट किया कि मतगणना प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और विधिसम्मत तरीके से संपन्न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

No Comment! Be the first one.