News Saga Desk
देश के जल सेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी शुक्रवार को रांची दौरे पर रहे। इस दौरान रांची स्थित सीसीएल सभागार में उन्होंने छात्रों के साथ संवाद किया। संवाद का विषय “विकसित भारत 2047” रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विकसित भारत 2047 आज के परिप्रेक्ष्य में बेहद समीचीन विषय है और इस लक्ष्य को सबसे मजबूत समर्थन देश के युवाओं से ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज भारत सुरक्षित हाथों में है। जल, थल और वायु—तीनों मोर्चों पर देश की सुरक्षा पूरी तरह चाक-चौबंद है। जब कोई देश अंदरूनी और बाहरी तौर पर सुरक्षित होता है, तभी विकास के नए आयाम खुलते हैं। ऐसे में वर्ष 2047 भारत के लिए एक स्वर्णिम अवसर है, जिसका सर्वोत्तम उपयोग युवा वर्ग ही कर सकता है।
एडमिरल त्रिपाठी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने ज्ञान, कौशल व नवाचार से देश को विकास के शिखर तक पहुंचाने में योगदान दें।
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस स्तर के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों का रांची आकर छात्रों से संवाद करना शहर के लिए सौभाग्य की बात है। बसंत पंचमी जैसे शुभ अवसर पर विकसित भारत 2047 जैसे महत्वपूर्ण विषय पर संवाद अपने आप में अनूठा है। संजय सेठ ने जल सेना प्रमुख को रांची आने के लिए धन्यवाद भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
No Comment! Be the first one.