नेपाल बाढ़: 16 स्कूल क्षतिग्रस्त, 250 लोग संपर्कविहीन

नेपाल बाढ़ में तीन जिलों के 16 स्कूल क्षतिग्रस्त हुए हैं। 233 छात्र और 17 शिक्षक संपर्कविहीन हैं। राहत एजेंसियां नुकसान और लापता लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।

News Saga Desk

 नेपाल में आई बाढ़ ने शिक्षा व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया है। भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के कारण रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों में 16 विद्यालय क्षतिग्रस्त हुए हैं। शिक्षा तथा खेलकूद मंत्रालय के रविवार तक के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, इन विद्यालयों से जुड़े 233 छात्र और 17 शिक्षक अब तक संपर्कविहीन हैं। यानी कुल 250 लोगों के बारे में फिलहाल जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े प्रारंभिक हैं और प्रभावित इलाकों में संपर्क तथा पहुंच की समस्या के कारण नुकसान और लापता लोगों की वास्तविक संख्या सामने आने में अभी समय लग सकता है। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।

तीन जिलों में स्कूलों को भारी नुकसान

नेपाल बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित विद्यालय रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक रसुवा में चार, नुवाकोट में आठ और धादिंग में चार विद्यालय प्रभावित हुए हैं। कई स्कूलों की इमारतें पूरी तरह बह गईं, जबकि कुछ विद्यालयों की कक्षाओं में कीचड़, रेत और मिट्टी भर गई है।

नेपाल बाढ़

रसुवा के उत्तरगया और गोसाईंकुंड गांवपालिका, नुवाकोट की विदुर नगरपालिका तथा धादिंग की गल्छी, सिद्धलेक गांवपालिका और नीलकंठ नगरपालिका के विद्यालयों को नुकसान पहुंचा है। रसुवा के चारों प्रभावित विद्यालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त बताए गए हैं। नुवाकोट में चार विद्यालय पूरी तरह और चार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। धादिंग में एक विद्यालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि तीन को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

कई विद्यालय बाढ़ में बह गए

गोसाईंकुंड गांवपालिका स्थित नेपाल राष्ट्रीय आधारभूत विद्यालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस स्कूल में 109 छात्र अध्ययनरत हैं। उत्तरगया गांवपालिका के चिप्लेटी आधारभूत विद्यालय, मॉडर्न ट्रिनिटी बोर्डिंग और मालिकादेवी आधारभूत विद्यालय भी बाढ़ में बह गए हैं।

नुवाकोट की विदुर नगरपालिका स्थित त्रिभुवन त्रिशूली माध्यमिक विद्यालय को भी भारी नुकसान हुआ है। इसकी इमारत बाढ़ के पानी में बह गई। विद्यालय में करीब 1,600 छात्र पढ़ते हैं। हालांकि बाढ़ आने से पहले ही सभी विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया था, इसलिए इस विद्यालय में मानवीय क्षति नहीं हुई।

इसे भी देखे- पुतला दहन पर रांची में हंगामा! JMM कार्यकर्ताओं से भिड़े छात्र | 

233 छात्र और 17 शिक्षक संपर्कविहीन

मंत्रालय के अनुसार, प्रभावित विद्यालयों से जुड़े 233 छात्रों और 17 शिक्षकों का फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। नुवाकोट के चंडेश्वरी माध्यमिक विद्यालय के 12 छात्र और एक शिक्षक संपर्कविहीन बताए गए हैं।

रसुवा के नवविजयी महेंद्र माध्यमिक विद्यालय के दो शिक्षक और गोसाईंकुंड स्थित कोमी श्यामेवाङ्फेल माध्यमिक विद्यालय के एक शिक्षक सहित 16 छात्रों के भी लापता होने की जानकारी है। गोसाईंकुंड तीर्थयात्रा पर गए धादिंग के चार शिक्षक भी संपर्क में नहीं हैं।

उत्तरगया गांवपालिका के नीलकंठ माध्यमिक विद्यालय की इमारत को नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन यहां के 200 छात्रों और चार शिक्षकों के संपर्कविहीन होने की सूचना ने चिंता बढ़ा दी है। गोसाईंकुंड के कोमी श्यामेवाङ्फेल माध्यमिक विद्यालय से भी 16 छात्र और एक शिक्षक लापता बताए गए हैं।

Read More News

Read More