मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दी है। प्रयोगात्मक ठहराव से पश्चिमी सिंहभूम के यात्रियों को राहत मिलेगी।
पश्चिमी सिंहभूम के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड ने प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी दे दी है। यह निर्णय भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही मांग के बाद सामने आया है। मनोहरपुर में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर प्रयोगात्मक ठहराव स्वीकृत किया। बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को सुविधाजनक तिथि से ठहराव शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं। हालांकि, नियमित परिचालन से पहले रेलवे की ओर से इसकी प्रभावी तिथि और अन्य परिचालन संबंधी जानकारी जारी की जाएगी।
सांसद ने रेल मंत्री के समक्ष उठाई थी मांग
मनोहरपुर में महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी। इसी मांग को लेकर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने मनोहरपुर रेलवे स्टेशन की क्षेत्रीय और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया था।
उन्होंने बताया था कि मनोहरपुर स्टेशन राउरकेला, रांची और झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा जामदा, किरीबुरू, गुवा और बड़बिल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों के लिए भी यह स्टेशन काफी महत्वपूर्ण है।
सांसद ने अपने पत्र में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव मनोहरपुर में देने की मांग की थी। उनका तर्क था कि इससे क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
इसे भी देखें...सरना धर्म कोड को लेकर आर-पार की लड़ाई, महारैली का ऐलान #sarnacode
ऑपरेशनल फिजिबिलिटी के बाद मिली मंजूरी
सांसद की मांग के बाद रेल मंत्रालय ने 1 जुलाई 2025 को संबंधित अधिकारियों को मामले की ऑपरेशनल फिजिबिलिटी जांचने के निर्देश दिए थे। रेलवे स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया और परिचालन संबंधी संभावनाओं का आकलन किए जाने के बाद अब रेलवे बोर्ड ने टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दी है।
मनोहरपुर में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव फिलहाल प्रयोगात्मक आधार पर होगा। रेलवे के इस फैसले से यह उम्मीद बढ़ी है कि क्षेत्र के यात्रियों को दक्षिण भारत और झारखंड के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
No Comment! Be the first one.