रांची में नाइट कंट्रोल प्लान लागू, असामाजिक तत्वों पर अब होगी पुलिस की नजर

News Saga Desk

राजधानी रांची में देर रात माहौल खराब करने वालों पर अब पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के संवेदनशील स्थानों पर जिग-ज़ैग बैरियर लगाकर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। यह व्यवस्था प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी, जिससे असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।

इसी क्रम में गुरुवार देर रात एसएसपी स्वयं शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकले। उन्होंने अपने आवास से निकलकर राजभवन, हरमू रोड, अरगोड़ा चौक, बिरसा चौक, मेन रोड, चर्च कॉम्प्लेक्स, अल्बर्ट एक्का चौक और लालपुर सहित कई प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस और डीएसपी भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बैरियर पर प्रत्येक वाहन की जांच अनिवार्य होगी। बिना जांच किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कुछ स्थानों पर देर रात खड़े युवाओं को उन्होंने फटकार लगाते हुए घर भेजा।

एसएसपी ने निर्देश दिया है कि रात के समय संवेदनशील स्थानों पर बैरियर स्थायी रूप से लगाए जाएंगे, लेकिन वाहन जांच की लोकेशन प्रतिदिन बदलती रहेगी। साथ ही शहर के उन इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया है, जहां अंधेरा रहता है या गतिविधियां संदिग्ध पाई जाती हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Read More News

महाशिवरात्रि से पहले देवघर में निभी परंपरा, बाबा बैद्यनाथ और पार्वती मंदिर से उतारे गए पंचशूल

देवघर: महाशिवरात्रि से पूर्व बाबा बैद्यनाथ धाम में प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया गया। शुक्रवार...

Read More