रातू स्थित अत्याधुनिक मत्स्य परियोजना का मंत्री ने किया अवलोकन, युवाओं की नवाचार आधारित पहल की सराहना
News Saga Desk
Ranchi के रातू क्षेत्र में संचालित अत्याधुनिक मत्स्य परियोजना का शुक्रवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री Shilpi Neha Tirkey ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने युवा उद्यमियों द्वारा विकसित आधुनिक मत्स्य उत्पादन मॉडल और तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मंत्री ने परियोजना में उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीकों, उन्नत मत्स्य उत्पादन प्रणाली और नवाचार आधारित मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में मत्स्य उद्योग के विकास की अपार संभावनाएं हैं।
युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार पर जोर
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता किसानों और युवाओं के लिए ऐसा मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हों।
उन्होंने कहा कि सरकार झारखंड को मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

“किंग फिशरीज” मॉडल की सराहना
मंत्री ने विशेष रूप से “किंग फिशरीज” द्वारा विकसित किए जा रहे एकीकृत मत्स्य मॉडल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के समन्वय से मछली पालन को एक नए आयाम तक पहुंचाया जा सकता है।
परियोजना में बायोफ्लॉक टैंक, आधुनिक बायोफ्लॉक मॉडल, हैचरी, फीड प्लांट और अन्य उन्नत व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है, जो मत्स्य पालन को आधुनिक, वैज्ञानिक और लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित ऐसी परियोजनाएं न केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाएंगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेंगी।
उन्होंने कहा कि यदि राज्य के युवा नवाचार और आधुनिक तकनीकों के साथ आगे बढ़ें, तो झारखंड राष्ट्रीय स्तर पर मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकता है।
No Comment! Be the first one.