News Saga Desk
पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत तुकबेरा पंचायत के डेरवना टोला में गड्ढे से दफन शव बरामदगी मामले में मुख्य आरोपी पति रंजीत मेहता ने व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। इस संबंध में विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश और संभावित गिरफ्तारी के दबाव में आरोपी ने मंगलवार को अदालत में सरेंडर किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या की साजिश में संलिप्त बताई जा रही गुड्डी देवी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है।
गौरतलब है कि एक जनवरी को डेरवना टोला स्थित नाला के पास एक गड्ढे से महिला का शव बरामद किया गया था। मृतका की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के तीसीबार दरूवा गांव निवासी द्वारिका मेहता की 25 वर्षीय पुत्री प्रियंका उर्फ पूजा देवी के रूप में हुई थी, जो पिछले पांच दिनों से लापता थी। प्रियंका के मायके पक्ष ने नावाबाजार थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच के दौरान संदेह के आधार पर नाला के पास स्थित गड्ढे की जेसीबी से खुदाई कराई गई, जहां से प्रियंका का शव बरामद हुआ। इसके बाद मामले में हत्या की पुष्टि हुई।
परिजनों के अनुसार, प्रियंका की शादी वर्ष 2019 में विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव अंतर्गत भूखला निवासी रंजीत मेहता से हुई थी। मायके वालों ने आरोप लगाया कि रंजीत मेहता का तुकबेरा निवासी गुड्डी देवी नामक एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी विवाद को लेकर प्रियंका की गला दबाकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नाले के पास दफना दिया गया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
No Comment! Be the first one.