NEWS SAGA DESK
रांची: ओरमांझी इलाके में बुधवार रात एक यात्री बस की टक्कर से नाबालिग लड़की के गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अफवाह फैलने पर आक्रोशित भीड़ ने बस में आग लगा दी। बस जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही थी, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना चूट्टूपालू घाटी के पास हुई, जहां सड़क पार कर रही स्थानीय नाबालिग लड़की को बस ने चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी बीच यह अफवाह फैल गई कि लड़की की मौत हो गई है। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई और कुछ लोगों ने बस में आग लगा दी। आग लगते ही बस में सवार यात्री आनन-फानन में उतरकर सुरक्षित निकले, जबकि चालक और खलासी किसी तरह मौके से भागकर जान बचाने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में रामगढ़ से पहुंचे दमकल वाहन ने आग को पूरी तरह बुझाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना को लेकर सिल्ली डीएसपी अनुज ने बताया कि नाबालिग लड़की का इलाज ओरमांझी में जारी है। बस में आग लगाने वालों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच चल रही है।
No Comment! Be the first one.