News Saga Desk
पटना। आजादी के बाद पहली बार आज यानी 24 सितंबर को पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक हो रही है। इस मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कांग्रेस से सीनियर लीडर मौजूद हैं। ये मीटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी। मीटिंग से पहले सदाकत आश्रम में झंडोतोलन किया गया।
कांग्रेस दफ्तर के गेट पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एंट्री को लेकर बहस हुई। वहीं, गया के टिकारी से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टिकट को लेकर नारेबाजी की। सदाकत आश्रम में मीटिंग से पहले कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद से पत्रकारों ने जब बिहार में CM फेस को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि, ‘जीतकर आने के बाद जो फैसला होगा बताया जाएगा।’
तेलंगाना में CWC की बैठक के बाद कांग्रेस की सरकार बनी
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी की इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी का दावा है कि मीटिंग बिहार में सत्ता परिवर्तन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साल 2023 में तेलंगाना में चुनाव के वक्त कांग्रेस ने वहां CWC की बड़ी बैठक की थी, जिसके बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। इस बैठक से कांग्रेस पार्टी को वहां फायदा भी मिला था।
इस बैठक के जरिए बिहार चुनाव में कांग्रेस खुद को केंद्र में रखने की कोशिश करती नजर आएगी। कांग्रेस पार्टी इस बड़ी बैठक के जरिए कार्यकर्ताओं में भी जान फूंकने की कोशिश करेगी।
बिहार के DNA पर सवाल उठाने वाले रेवंत रेड्डी भी मीटिंग में मौजूद
दिसंबर 2023 में तेलंगाना कांग्रेस नेता (और मौजूदा सीएम) रेवंत रेड्डी ने तत्कालीन CM केसीआर पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘मेरा DNA तेलंगाना का है, जबकि केसीआर का DNA बिहारी है। तेलंगाना का DNA बिहार से बेहतर है। उन्होंने आगे दावा किया कि केसीआर की जाति कुर्मी है, जिनकी जड़ें बिहार से जुड़ी हैं। इस बयान को बिहारियों ने बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक माना था।’
CWC मीटिंग से जुड़ी कुछ तस्वीरें देखिए

गया के टिकारी विधानसभा से आए कार्यकर्ताओं ने टिकट को लेकर नारेबाजी की।

सदाकत आश्रम के गेट पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एंट्री को लेकर बहस हुई।

CWC बैठक में शामिल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और अन्य नेता।
No Comment! Be the first one.