News Saga Desk
पूर्वी सिंहभूम। भोजपुरी सुपरस्टार और आजमगढ़ के पूर्व भाजपा सांसद दिनेश लाल ‘निरहुआ’ इन दिनों जमशेदपुर में अपनी नई फिल्म “मुर्गा ट्रॉफी” की शूटिंग में व्यस्त हैं। सोमवार को शूटिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और बिहार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह विकास और सुशासन चाहती है।
निरहुआ ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने लगातार विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं, और जनता ने इस प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए ही मौजूदा सरकार को चुना है। उन्होंने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि कुछ दल असली मुद्दों से भटककर ईवीएम और वोट चोरी जैसे विषयों पर लड़ते रहते हैं, जबकि आम लोगों की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था और बेहतर सुविधाएं हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा है और इसी कारण लोगों का भाजपा पर भरोसा मजबूत हुआ है।
राजनीतिक सक्रियता पर पूछे गए सवाल पर निरहुआ ने बताया कि वे चुनावी मौसम में पार्टी के प्रचारक के तौर पर हमेशा सक्रिय रहते हैं। बिहार चुनाव के दौरान भी उन्होंने व्यापक प्रचार किया। खेसारी लाल यादव के साथ हुए विवाद पर बोले कि चुनावी माहौल में ऐसी बातें आम हैं और अब जब जनता का फैसला आ गया है, तो इन विवादों का कोई महत्व नहीं रह जाता।
अपनी फिल्म “मुर्गा ट्रॉफी” पर बात करते हुए निरहुआ ने बताया कि यह झारखंड के पारंपरिक खेल मुर्गा लड़ाई पर आधारित है। फिल्म की शूटिंग झारखंड के कई स्थानों में की गई है, जबकि अंतिम चरण का काम जमशेदपुर के जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पूरा किया जा रहा है। वे इसमें एक युवा झारखंडी किरदार निभा रहे हैं।
उन्होंने दर्शकों से अपील की कि फिल्म झारखंड की संस्कृति और लोक परंपराओं से भरपूर है और इसे अवश्य देखना चाहिए।
शूटिंग स्थल पर निरहुआ के प्रशंसकों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। लोग सेल्फी और ऑटोग्राफ के लिए उत्साहित नजर आए, जबकि स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
No Comment! Be the first one.