तमिलनाडु में बदले राजनीतिक समीकरण DMK से अलग हुई कांग्रेस, विजय के साथ बनाई नई सियासी राह

News Saga Desk

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। कांग्रेस ने अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को समर्थन देने की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने लंबे समय से सहयोगी रही डीएमके से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं।

बुधवार को कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राज्य में नई सरकार के गठन के लिए पार्टी टीवीके का समर्थन करेगी। बताया जा रहा है कि टीवीके प्रमुख विजय ने कांग्रेस नेतृत्व से औपचारिक समर्थन मांगा था, जिसके बाद तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस विधायक दल ने यह फैसला लिया।

कांग्रेस ने अपने बयान में कहा कि तमिलनाडु की जनता, विशेषकर युवाओं ने बदलाव और नई राजनीति के पक्ष में जनादेश दिया है। पार्टी का कहना है कि राज्य को ऐसी सरकार की जरूरत है जो धर्मनिरपेक्ष मूल्यों, विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दे।

हालांकि कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका समर्थन कुछ शर्तों के साथ होगा। पार्टी ने कहा कि टीवीके किसी भी ऐसी ताकत को अपने साथ शामिल नहीं करेगी, जो संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हो।

कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि यह राजनीतिक साझेदारी केवल सरकार गठन तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले लोकसभा चुनाव, स्थानीय निकाय चुनाव और राज्यसभा चुनावों में भी दोनों दल मिलकर रणनीति बना सकते हैं।

राजनीतिक गलियारों में पहले से चर्चा थी कि राहुल गांधी टीवीके के साथ गठबंधन के पक्ष में थे, लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने डीएमके के साथ ही चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था। अब चुनाव बाद कांग्रेस का टीवीके की ओर झुकाव तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बना रहा है।

वहीं, कांग्रेस के इस फैसले पर डीएमके ने नाराजगी जताई है। डीएमके नेताओं ने कांग्रेस पर भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस लगातार अपने सहयोगियों से दूरी बनाकर नई राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटी है, जिसका असर कई राज्यों में देखने को मिला है।

तमिलनाडु में कांग्रेस और टीवीके की नई साझेदारी ने राज्य की राजनीति को पूरी तरह से नई दिशा दे दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अभिनेता विजय और कांग्रेस का यह गठबंधन भविष्य की राजनीति में कितना प्रभाव डालता है।

Read More News

Read More