पलामू में बिजली-पानी संकट पर भाजपा का विशाल प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी

News Saga Desk

पलामू में बिजली और पानी की लगातार हो रही समस्याओं को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशाल प्रदर्शन किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने काली मंदिर रेडमा चौक से उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पुरुष और महिलाएं हाथों में तख्तियां और प्रतीकात्मक रूप से मटका लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। महिलाओं ने विरोध जताते हुए उपायुक्त की गाड़ी के सामने मटका फोड़कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

कई वरिष्ठ भाजपा नेता हुए शामिल

इस प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अमर कुमार बाउरी, मनोज कुमार सिंह, आलोक चौरसिया, पुष्पा देवी, पूर्व सांसद मनोज कुमार भुइंया, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभात भुइंया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

“सरकार जनता का खून चूस रही” – अमर कुमार बाउरी

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार गरीब जनता का न सिर्फ पानी बल्कि उनका खून भी चूस रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में 80 हजार से अधिक चापानल छोटी-छोटी खराबियों के कारण बंद पड़े हैं, लेकिन सरकार उन्हें ठीक कराने या बदलवाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी की शुरुआत में ही लोग शुद्ध पेयजल और बिजली के लिए त्राहिमाम कर रहे हैं।

टॉर्च की रोशनी में ऑपरेशन का किया जिक्र

अमर कुमार बाउरी ने हाल की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण डॉक्टरों को टॉर्च की रोशनी में ऑपरेशन करना पड़ा, जिसमें एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था और स्वास्थ्य मंत्री पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के मंत्री सिर्फ बयानबाजी में व्यस्त हैं, जबकि जमीनी स्तर पर काम नजर नहीं आ रहा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली और पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भाजपा पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

“बिजली-पानी संकट से छात्रों और स्वास्थ्य सेवाओं पर असर” – आलोक चौरसिया

डाल्टनगंज विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि पलामू में बिजली और पानी की कमी का सीधा असर आम लोगों के जीवन, छात्रों की पढ़ाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकांश चापाकल और नल खराब पड़े हैं तथा प्रधानमंत्री की नल-जल योजना भी पलामू सहित पूरे राज्य में ठप पड़ी हुई है। उन्होंने सरकार से जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगला आंदोलन और बड़ा होगा।

“जनता आने वाले चुनाव में जवाब देगी” – मनोज कुमार सिंह

भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार जनता को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिजली संकट के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और कई मरीजों की जान जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि छात्रों की पढ़ाई भी लगातार प्रभावित हो रही है। सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले चुनाव में जनता हेमंत सोरेन सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।

भाजपा ने सरकार को दिया आंदोलन का अल्टीमेटम

भाजपा नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए पलामू समेत पूरे झारखंड में बिजली और पानी की समस्या के त्वरित समाधान की मांग की। पार्टी ने साफ संकेत दिया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा।

Read More News

Read More