News Saga Desk
पटना। पटना के गांधी मैदान में आमरण अनशन पर बैठे जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। वो 2 जनवरी की शाम 5 बजे से BPSC अभ्यर्थियों के समर्थन में आमरण अनशन पर थे। थोड़ी देर पहले उनकी पटना सिविल कोर्ट में पेशी हुई। जहां से उन्हें बेल मिल गई। कोर्ट में पेशी के दौरान प्रशांत किशोर ने खुद बहस की। उन्होंने जज को बताया कि किस तरीके से पुलिसिया बर्बरता की गई। कोर्ट से जमानत मिल गई है, लेकिन प्रशांत किशोर लेने के लिए तैयार नहीं हैं।

इससे पहले आज सुबह 4 बजे पटना पुलिस ने गांधी मैदान से उन्हें जबरन हटाया। इस दौरान पुलिस को भारी विरोध का सामना भी करना पड़ा। समर्थक का दावा है कि हटाने के दौरान एक पुलिस वाले ने प्रशांत किशोर को थप्पड़ भी मारा और जबरन वहां से उठाकर एंबुलेंस में बैठाया। सुबह-सुबह प्रशांत किशोर को उठाने पहुंची पुलिस का पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। पुलिस ने उनको घसीटकर हटाया और लाठीचार्ज भी किया। फिलहाल धरनास्थल से सभी को हटा दिया गया है। प्रशांत किशोर को पुलिस एंबुलेंस में AIIMS लेकर गई। उन्हें सभी लोगों से अलग कर दिया गया है। पुलिस 4-5 घंटे पीके को एंबुलेंस में लेकर घूमती रही। बाद में फतुहा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में उनका चेकअप कराया गया। यहां से पुलिस पेशी के लिए लेकर निकली। पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि प्रशांत किशोर को गिरफ्तार किया गया है। प्रशांत और उनके समर्थक गांधी मैदान पर धरना दे रहे थे। इस जगह पर धरना देने की इजाजत नहीं थी।
प्रशांत किशोर की गिरफ्तारी के दौरान क्या हुआ
- वीडियो में दिख रहा है कि धरने पर बैठे प्रशांत किशोर को पुलिस उठाने के लिए जोर-जबर्दस्ती कर रही है। इस बीच उनके साथ बैठे बाकी लोग प्रशांत के हाथ-पैर पकड़कर उन्हें पुलिस से बचाने की जद्दोजहद करने लगते हैं। पुलिसकर्मी इन लोगों को खींचकर हटाती है।
- इस खींचतान के बीच एक कार्यकर्ता प्रशांत को पीछे से आकर पकड़ लेता है। पुलिस उसे हटाने के लिए कार्यकर्ता के सिर पर एक थप्पड़ मारती है, तभी प्रशांत उसे बचाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाते हैं। इसी आधार पर कार्यकर्ता दावा कर रहे हैं कि पुलिस ने थप्पड़ प्रशांत किशोर को मारा था।
- हालांकि, बाद में पुलिस प्रशांत को चारों ओर से घेरकर बैठे कार्यकर्ताओं को हटाती है। जिस चादर पर प्रशांत बैठे थे, उसे खींचकर हटाती है और प्रशांत को उठाकर ले जाती है।
No Comment! Be the first one.