News Saga Desk
रामगढ़ जिला प्रशासन ने आगामी नगर निकाय (पालिका) चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े सभी कार्यों को पूरी गंभीरता, सतर्कता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
डीसी ने सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण करें। मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जांच कर उसकी रिपोर्ट जिला कार्यालय को समय पर सौंपने को कहा गया। इसके साथ ही रूट चार्ट से संबंधित रिपोर्ट भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार गुप्ता ने एफएसटी, वीएसटी और एसएसटी टीमों के गठन तथा उनके दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
डीसी ने बताया कि चुनाव से संबंधित सभी कोषांगों को मार्गदर्शिका उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सभी कोषांग प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे मार्गदर्शिका का गहन अध्ययन कर उसी के अनुरूप कार्य करें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर तुरंत अपने वरीय अधिकारियों से संपर्क कर समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में डीडीसी, अपर समाहर्ता सहित सभी कोषांगों के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.