NEWS SAGA DESK
रांची:- राजधानी रांची में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में शहर के एक प्रमुख ज्वेलरी कारोबारी और एक बिल्डर से पांच-पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद दोनों कारोबारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, रांची के प्रतिष्ठित पॉल ज्वेलर्स की संचालिका सुमन पॉल से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। शिकायत में कहा गया है कि चार जून की रात उनके मोबाइल फोन पर कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए दुबई से बात करने का दावा किया। आरोप है कि रंगदारी की रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। मामले में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इसी तरह लालपुर निवासी बिल्डर उदय शंकर ने भी रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पांच जून की रात उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया, जिसमें खुद को प्रिंस खान बताते हुए पांच करोड़ रुपये की मांग की गई। रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि विदेश में बैठा गैंगस्टर अपने नेटवर्क के माध्यम से रांची के कारोबारियों को निशाना बना रहा है। इन घटनाओं के बाद शहर के कारोबारी वर्ग में चिंता और असुरक्षा का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो सप्ताह के दौरान राजधानी के कई कारोबारियों से रंगदारी मांगे जाने के मामले सामने आए हैं। इससे पहले भी होटल और अन्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को धमकी भरे कॉल और संदेश मिलने की शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
No Comment! Be the first one.