News Saga Desk
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भारतीय सेना और चीन को लेकर दिए बयान पर फटकार लगाई है। कोर्ट ने पूछा कि उन्हें कैसे पता चला कि चीन ने भारत की 2000 वर्ग किमी जमीन कब्जा की है और उनके पास क्या पुख्ता जानकारी है। कोर्ट ने कहा कि एक सच्चे भारतीय को ऐसा नहीं कहना चाहिए और सुझाव दिया कि वे बतौर विपक्ष नेता संसद में सवाल उठाएं, सोशल मीडिया पर नहीं।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट में राहुल के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर रोक लगा दी है और शिकायतकर्ता उदय शंकर श्रीवास्तव व यूपी सरकार को नोटिस जारी किया है।
यह मामला 16 दिसंबर 2022 का है, जब भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बयान दिया था कि चीन ने 2000 वर्ग किमी जमीन कब्जाई है और अरुणाचल में भारतीय सैनिकों को पीटा जा रहा है। इसी पर पूर्व BRO निदेशक ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया था। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 29 मई को उनकी याचिका खारिज कर समन भेजा था, जिसे उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
3 अप्रैल 2025: राहुल का दावा- चीन ने हमारी 4 हजार वर्ग किमी जमीन कब्जाई
3 अप्रैल को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत-चीन के राजनयिक संबंधों की 75वीं सालगिरह के जश्न को लेकर सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा था कि चीन हमारे 4 हजार वर्ग किमी इलाके पर कब्जा करके बैठा है, लेकिन मुझे यह देखकर आश्चर्य हुआ कि हमारे विदेश सचिव (विक्रम मिस्री) चीनी राजदूत के साथ केक काट रहे थे।
लोकसभा में शून्यकाल के दौरान राहुल ने कहा था कि हम सामान्य स्थिति के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उससे पहले हमें अपनी जमीन वापस मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि मुझे पता चला कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने चीनी राजदूत को चिट्ठी लिखी है और यह भी हमें दूसरों से पता चल रहा है। चीनी राजदूत भारत के लोगों को बता रहे हैं कि उन्हें चिट्ठी लिखी गई।
2020 की गलवान झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हुए

2020 में चीन ने ईस्टर्न लद्दाख के सीमावर्ती इलाकों में एक्सरसाइज के बहाने सैनिकों को जमा किया था। इसके बाद कई जगह पर घुसपैठ की घटनाएं हुई थीं। भारत सरकार ने भी इस इलाके में चीन के बराबर संख्या में सैनिक तैनात कर दिए थे। हालात इतने खराब हो गए कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर गोलियां चलीं। इसी दौरान 15 जून को गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। भारत ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया था। इसमें 40 चीनी सैनिक मारे गए थे।
No Comment! Be the first one.