रांची में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ। महिला वर्ग में CISF और पुरुष वर्ग में ITBP ने पहला स्थान हासिल किया। CM हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
News Saga Desk
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में आयोजित समापन समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया। 22 से 26 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में CISF ने 37 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 34 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि असम राइफल्स और BSF ने 23-23 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं, पुरुष वर्ग में ITBP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। समापन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी शामिल हुए। इसके अलावा स्कूली बच्चों और आम लोगों की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बनाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का यह 15वां आयोजन है और इसकी शुरुआत झारखंड में उनके कार्यकाल के दौरान हुई थी। उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में 400 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और करीब 37 स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को इस प्रतियोगिता की तीन बार मेजबानी करने का अवसर मिला है। यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि यहां राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं।
हेमंत सोरेन ने कहा कि देश की सुरक्षा में पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि देश और राज्य के निर्माण में खिलाड़ियों तथा जवानों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सराहना की और विजेता टीमों को बधाई दी। रांची में आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिस बलों के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
No Comment! Be the first one.