झारखंड के गुमला जिले में हथियारों की बरामदगी से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। भरनो थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक वाहन से दो हथियार बरामद किए हैं। इनमें एक AK-47 और दूसरी कार्बाइन बताई जा रही है।
NEWS SAGA DESK
झारखंड के गुमला जिले में हथियारों की बरामदगी से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। भरनो थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक वाहन से दो हथियार बरामद किए हैं। इनमें एक AK-47 और दूसरी कार्बाइन बताई जा रही है। शुरुआती जांच में इस मामले के तार रामदेव गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, गिरोह से संबंधों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अजय खड़िया के कथित संबंधों की जांच
पुलिस मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अजय खड़िया का नाम सामने आया है और उसके रामदेव गिरोह से कथित संबंधों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। जिस वाहन से हथियार बरामद किए गए हैं, वह कथित तौर पर रोहित शर्मा के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस वाहन के मालिकाना हक और उसके इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
तीन लोगों से पूछताछ, फरार आरोपी की तलाश
सूत्रों के मुताबिक, मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इनमें अजय खड़िया का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। वहीं, मुख्य आरोपी के फरार होने की सूचना है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। भरनो और सिसई थाने की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों के बीच हथियारों की बरामदगी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने के लिए हथियार जुटाने की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
धान कटाई के दौरान हथियारों के इस्तेमाल की आशंका की भी जांच
पुलिस इस संभावना की भी पड़ताल कर रही है कि धान कटाई के मौसम में हथियारों को छिपाकर रखने या उनके इस्तेमाल की कोई योजना तो नहीं थी। फिलहाल, जांच एजेंसियां हथियारों के स्रोत, आरोपियों की भूमिका और संभावित आपराधिक नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
No Comment! Be the first one.