News Saga Desk
रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सुप्रभात अपार्टमेंट के बाथरूम से गार्ड का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान प्रकाश लोहरा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से अपार्टमेंट में गार्ड के रूप में कार्यरत था। पुलिस को उसके मोबाइल फोन में एक सुसाइड मैसेज भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जब प्रकाश लोहरा ड्यूटी पर नजर नहीं आया तो अपार्टमेंट में उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान रेस्ट हाउस स्थित बाथरूम से उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस और एफएसएल ने की जांच
पुलिस जांच में पाया गया कि गार्ड का शव बाथरूम में पड़ा था और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। इस कारण पुलिस पूरे मामले को संदेहास्पद मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए।
मोबाइल मैसेज की होगी फॉरेंसिक जांच
डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद ने बताया कि मृतक के मोबाइल फोन में मिले सुसाइड मैसेज की जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि संदेश वास्तव में प्रकाश लोहरा ने ही लिखा था या नहीं। मोबाइल फोन को एफएसएल ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.