रांची को मिले तीन नए फ्लाईओवर की सौगात, सीएम हेमंत सोरेन ने दी परियोजनाओं को मंज़ूरी

News Saga Desk

रांची। राजधानी रांची में सड़क जाम और यातायात की जटिल समस्याओं से निपटने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने और ट्रैफिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से तीन महत्त्वपूर्ण सड़क निर्माण परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की है।
इन परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार करने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्य आरंभ करने को कहा है, ताकि योजनाएं जल्द धरातल पर उतर सकें।

स्वीकृत परियोजनाएं इस प्रकार हैं:

1.    अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापू टोली तक एलिवेटेड फ्लाईओवर – इस फ्लाईओवर के निर्माण से रांची के व्यस्ततम क्षेत्रों में ट्रैफिक का बोझ काफी हद तक कम होगा।
2.    करमटोली-मोरहाबादी से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर और साइंस सिटी से रिंग रोड तक फोरलेन सड़क – यह मार्ग उत्तर रांची को रिंग रोड से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।
3.    रांची रेलवे स्टेशन के पीछे से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक एलिवेटेड कॉरिडोर और फोरलेन मार्ग- इससे एयरपोर्ट की ओर यातायात सुगम होगा और यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि न केवल रांची, बल्कि राज्य के अन्य शहरी क्षेत्रों में भी यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि शहरी परिवहन प्रणाली को मजबूत करने के लिए ठोस कार्ययोजना की आवश्यकता है।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से रांचीवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और शहर में यातायात का संचालन अधिक सहज और व्यवस्थित हो सकेगा।


Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More