News Saga Desk
रांची में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों को लेकर आक्रोश देखने को मिला। इस कड़ी में आज हिंदू छात्र संघ ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) के मुख्य द्वार पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मुहम्मद यूनुस का पुतला दहन कर विरोध जताया।
छात्र संघ ने इस मामले को अत्यंत दुखद बताया और कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे अत्याचार मानवता के खिलाफ हैं। उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि पीड़ित अल्पसंख्यकों को हर संभव मदद प्रदान की जाए और देश में बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन के दौरान छात्र संघ के सदस्यों ने पुतला दहन के साथ-साथ बांग्लादेश का झंडा भी जलाया। इसके अलावा, उन्होंने बांग्लादेश और युनुस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भारत द्वारा बांग्लादेश को दी जाने वाली सहायता पर पुनर्विचार करने की मांग की।
हिंदू छात्र संघ ने कहा कि बांग्लादेश और पाकिस्तान में ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक और दुखद हैं। साथ ही संगठन ने देश की अन्य राजनीतिक पार्टियों पर भी निशाना साधा और कहा कि जब विदेशों में अन्य समुदायों के साथ अत्याचार होते हैं तो लोग सड़कों पर उतरते हैं, लेकिन हिंदुओं के खिलाफ होने पर चुप्पी साध ली जाती है। छात्र संघ ने स्पष्ट किया कि वे और देश के हिंदू इस तरह के मामलों में शांत नहीं बैठेंगे और लगातार विरोध दर्ज कराते रहेंगे।
No Comment! Be the first one.