News Saga Desk
रांची के लापुंग और ईटकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की साजिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को पकड़ा गया। इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को डिटेन किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष उरांव, श्रवण सिंह, सुका उरांव और चारो मिंज के रूप में हुई है।
संदिग्ध बाइक सवारों से खुला मामला
एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक बेड़ो से लापुंग की ओर जा रहे हैं और उनके पास हथियार हैं। सूचना मिलते ही रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी बेड़ो के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को दबोच लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल था।
पूछताछ में सामने आया लूट का नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे सुनसान सड़कों पर वाहनों को रोककर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने धुर्वा क्षेत्र में पहले भी लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की, जहां से लूटी गई बाइक भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लापुंग के करमचौरा इलाके में भी लूट की योजना बना रहे थे।
हथियार सप्लायर भी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हथियार ईटकी क्षेत्र के दो लोगों से खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रवण सिंह और सुका उरांव को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एक सिक्सर और एक देशी कट्टा बरामद किया गया। इस मामले में ईटकी थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से एक सिक्सर, दो देशी कट्टा, तीन जिंदा गोलियां, एक रॉयल एनफील्ड बाइक और एक पल्सर 220 बाइक जब्त की है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी आशीष उरांव पर हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, हथियार सप्लायर श्रवण सिंह भी हत्या के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी बेड़ो अशोक राम के नेतृत्व में लापुंग, ईटकी, नरकोपी और बेड़ो थाना की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
No Comment! Be the first one.