बोकारो में अफवाह का कहर: बच्चा चोर समझकर युवक की बेरहमी से पिटाई

News Saga Desk

झारखंड के बोकारो जिले से भीड़ हिंसा की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। चास थाना क्षेत्र स्थित नीलम नर्सिंग होम के पास लोगों ने स्थानीय युवक नागेश्वर को बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर उसकी जान बचाई। घायल युवक को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “लोग अफवाहों के कारण अपनों को भी नहीं पहचान पा रहे हैं। ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।”

पुलिस के अनुसार, इलाके में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद कुछ लोग एक संदिग्ध युवक का पीछा कर रहे थे, जो भागते हुए एक बाउंड्री के अंदर घुस गया। इसी दौरान नागेश्वर हाथ में डंडा लेकर कथित बच्चा चोर को पकड़ने के लिए वहां पहुंचा, लेकिन भीड़ ने उसे ही चोर समझ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।

पुलिस ने इस घटना को अफवाहों के खतरनाक परिणाम का उदाहरण बताते हुए लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बिना सत्यापन के किसी भी सूचना पर भरोसा करना और कानून हाथ में लेना निर्दोष लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है।

Read More News

Read More