NEWS SAGA DESK
नई दिल्ली :- दिल्ली उच्च न्यायालय ने फिल्म काला हिरणः द बैटल फॉर लीगेसी की रिलीज पर रोक लगाने की मांग संबंधी याचिका में अभिनेता सलमान खान को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया है। जस्टिस मधु जैन की पीठ ने सलमान खान को निर्देश दिया कि वे याचिका की प्रति फिल्म निर्माता को उपलब्ध कराएं। मामले की अगली सुनवाई 1 जुलाई को होगी।
सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता निजाम पाशा ने दलील दी कि फिल्म उनकी अनुमति के बिना उनके जीवन से जुड़े घटनाक्रमों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि फिल्म का पोस्टर और ट्रेलर जारी किया जा चुका है, हालांकि इसकी रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है।
वहीं फिल्म निर्माता की ओर से अदालत को बताया गया कि उन्हें याचिका की पूरी प्रति अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस आधार पर उन्होंने किसी भी अंतरिम आदेश का विरोध किया। इसके बाद अदालत ने कोई अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए सलमान खान को याचिका की प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
याचिका में कहा गया है कि फिल्म 1998 के काला हिरण शिकार प्रकरण से संबंधित है और इसके प्रदर्शन से सलमान खान के व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन हो सकता है। याचिका के अनुसार फिल्म में अभिनेता के हमशक्ल का उपयोग किया गया है और उसे सलमान खान की पहचान से जुड़े प्रतीकों, जैसे उनके प्रसिद्ध ब्रेसलेट, के साथ दिखाया गया है।
सलमान खान ने यह भी आरोप लगाया है कि फिल्म निर्माता प्रचार के दौरान उनके नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। याचिका में कहा गया है कि फिल्म की रिलीज से काला हिरण शिकार मामले से संबंधित लंबित न्यायिक प्रक्रिया और उनकी सार्वजनिक छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
याचिका के अनुसार अभिनेता ने पहले ही फिल्म निर्माता को कानूनी नोटिस भेजकर फिल्म के प्रचार और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। नोटिस में उल्लेख किया गया था कि काला हिरण शिकार से जुड़ा मामला अभी भी राजस्थान उच्च न्यायालय में लंबित है, इसलिए इस विषय पर किसी भी प्रकार की सनसनीखेज प्रस्तुति न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।
फिल्म का पहला पोस्टर पहले ही जारी किया जा चुका है। इसमें काला हिरण शिकार मामले और उससे जुड़ी अदालती कार्यवाही के दृश्यों को दर्शाया गया है। फिल्म में सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद को भी कथानक का हिस्सा बनाया गया है। विवाद से बचने के लिए फिल्म में सलमान खान से प्रेरित पात्र का नाम ‘अयान खान’ और लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित पात्र का नाम ‘लॉयन बिश्नोई’ रखा गया है।
फिल्म का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया है, जबकि इसके निर्माता अमित जानी हैं।
No Comment! Be the first one.