News Saga Desk
चाईबासा: शूरवीरों की धरती सेरेंगसिया में सोमवार को अमर वीर शहीदों को नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपस्थित रहे और शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड हमेशा से शूरवीरों की धरती रही है। यहां के पूर्वजों ने अंग्रेजों के अन्याय, शोषण और जुल्म के खिलाफ अपनी पहचान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। पोटो हो, भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और नीलांबर-पीतांबर जैसे वीर शहीदों की शहादत इस धरती की गौरवशाली गाथा है।
विकास की सौगात और परिसंपत्ति वितरण
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 398 करोड़ 19 लाख 35 हजार 298 रुपये की लागत से 197 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 224 करोड़ 78 लाख 77 हजार 843 रुपये की लागत वाली 122 योजनाओं का शिलान्यास और 173 करोड़ 40 लाख 57 हजार 405 रुपये की लागत वाली 75 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। साथ ही 3 लाख 77 हजार 256 लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ 43 लाख 13 हजार 500 रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके अलावा 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि जब तक राज्य आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और बौद्धिक रूप से सशक्त नहीं होगा, तब तक समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग, विदेश में उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की आधी आबादी, विशेषकर महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग कर रही है। मुख्यमंत्री मइंया सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को हर वर्ष 30 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने अंत में कहा कि हम सभी को अमर वीर शहीदों के आदर्शों और सपनों को साकार करने का संकल्प लेना चाहिए और झारखंड को विकास के हर मोर्चे पर तेजी से आगे बढ़ाना चाहिए।
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायक निरल पूर्ति, दशरथ गागरई, सुखराम उरांव, सोनाराम सिंकू, सविता महतो, समीर मोहंती, संजीव सरदार, जगत मांझी, सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.