सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में एक और माओवादी ढेर, अब तक 16 मारे गए

News Saga Desk

चाईबासा के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ में एक और माओवादी को मार गिराया गया है। इलाके में पिछले 36 घंटे से व्यापक तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा एजेंसियां आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। सूत्रों के अनुसार मारे गए माओवादी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। राहत की बात यह है कि इस ऑपरेशन में किसी भी सुरक्षाकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, मामले को लेकर अधिकारियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। घने सारंडा जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच चल रही इस भीषण मुठभेड़ को झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

ऑपरेशन ‘मेगाबुरु’ के तहत कोबरा बटालियन-209, झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कुख्यात माओवादी और करोड़ों रुपये के इनामी अनल, अनमोल, अमित मुंडा समेत कुल 15 माओवादियों को ढेर कर दिया था। अब तक इस ऑपरेशन में कुल 16 माओवादी मारे जा चुके हैं, जिनमें से 13 की पहचान हो चुकी है। सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है। पूरे इलाके को घेराबंदी कर लिया गया है और माओवादियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए आसपास के जंगलों में गहन तलाशी ली जा रही है। मारे गए सभी माओवादियों के शवों को जिला मुख्यालय लाया जा रहा है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह ऑपरेशन केंद्र सरकार के मार्च 2026 तक भारत को नक्सलवाद मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। लंबे समय तक नक्सलियों का गढ़ रहे सारंडा इलाके में अब उनकी पकड़ काफी कमजोर होती नजर आ रही है।

झारखंड पुलिस के आईजी (ऑपरेशंस) माइकल राज एस और सीआरपीएफ के आईजी साकेत कुमार ने इस ऑपरेशन में मिली सफलता की पुष्टि की है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों की बड़ी जीत बताते हुए कहा है कि बचे हुए नक्सली आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटें। उन्होंने दोहराया कि सरकार 31 मार्च 2026 से पहले माओवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए संकल्पित है।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More