NEWS SAGA DESK
रांची :- राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जवान का शव ड्यूटी की वर्दी में मिला, जबकि उसका सिर धड़ से अलग पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, आरपीएफ और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से जवान का बैग भी बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए रेलवे पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन पर की गई थी। वह हाल ही में विवाह बंधन में बंधे थे। पुलिस ने जवान की पहचान कर ली है, हालांकि आधिकारिक तौर पर उनका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार जवान नाइट ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान या उसके बाद उनके साथ क्या हुआ, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है।
आरपीएफ रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार ने कहा कि रेलवे ट्रैक के पास इस तरह जवान का शव मिलना गंभीर और चिंताजनक मामला है। पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला रेलवे दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। जांच एजेंसियां हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही हैं। घटनास्थल की परिस्थितियों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.