रांची में आरएसएस प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

NEWS SAGA DESK

रांची :- राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो संदिग्ध युवकों ने सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर कार्यालय परिसर की ओर फेंका। हालांकि दोनों बोतलें कार्यालय की बाउंड्री से पहले ही गिर गईं, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पारस राणा ने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम सहित कई विशेष टीमों को लगाया गया है। घटना से जुड़े दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो युवकों की संलिप्तता सामने आई है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह तथा रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आरएसएस कार्यालय पहुंचे। नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Read More News

Read More