धनबाद में बिजली विभाग के SDO पर गंभीर आरोप, मंत्री के बयान से बढ़ा विवाद

News Saga Desk

धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के एक SDO पर महिला की गरिमा भंग करने के आरोप के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एक ओर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के हस्तक्षेप से प्रशासन हरकत में आया है, वहीं दूसरी ओर मंत्री के बयान को लेकर झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासन, बिजली विभाग और ऊर्जा कर्मियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी है।

छापेमारी के दौरान बढ़ा विवाद

मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सहराज गांव का बताया जा रहा है। आरोप है कि निरसा सब-डिविजन के SDO नीतीश कुमार बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी के लिए गांव पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एक घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और जांच की। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद ग्रामीणों और बिजली विभाग की टीम के बीच झड़प की स्थिति बन गई।

थाने में शिकायत और मंत्री तक पहुंचा मामला

घटना के बाद ग्रामीण महिलाएं SDO को साथ लेकर गोविंदपुर थाना पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। आरोप है कि थाना प्रभारी ने पीड़िता की प्राथमिकी दर्ज नहीं की, जबकि बिजली विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने रांची से अपने आवास लौट रहे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का काफिला गोविंदपुर–साहिबगंज मुख्य मार्ग पर पूर्वी टुंडी के शंकरडीह इलाके में रोककर पूरी घटना की जानकारी दी।

मंत्री ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि कुछ पदाधिकारी विपक्ष के साथ मिलकर सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कुछ अधिकारी वर्षों से एक ही पद पर जमे हुए हैं और उन पर वसूली व धमकी देने जैसे आरोप लगते रहे हैं। मंत्री ने धनबाद के एसएसपी को निर्देश दिया है कि दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई हो।

ऊर्जा मित्र संघ में नाराजगी

मंत्री के बयान के विरोध में झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ में भारी आक्रोश देखा गया। धनबाद के धैया स्थित कार्यालय में रविवार को आयोजित बैठक में संघ पदाधिकारियों ने कहा कि ऊर्जा मित्र सरकार के निर्देश पर बिजली चोरी रोकने और राजस्व संग्रह का कार्य करते हैं। ऐसे में कार्रवाई के दौरान कर्मियों के साथ मारपीट की घटनाओं के बावजूद मंत्री स्तर से अधिकारियों पर टिप्पणी करना कर्मियों का मनोबल तोड़ने वाला है।

कर्मियों पर हमले का आरोप

ऊर्जा मित्र संघ के संस्थापक संतोष प्रसाद कुशवाहा ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान ऊर्जा मित्रों के साथ मारपीट की गई, जिसमें कई कर्मी घायल हुए हैं। वहीं झारखंड स्टेट इलेक्ट्रिक सप्लाई वर्कर्स यूनियन के क्षेत्रीय सचिव बबन प्रसाद ने बताया कि निरसा-1 क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से भीड़ द्वारा विद्युत कर्मियों पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला किया गया तथा सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया।

Read More News

राष्ट्रपति मुर्मु का आज बिहार दौरा: नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

पटना: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज एक दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंच रही हैं, इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय...

Read More