NEWS SAGA DESK
लोहरदगा :- जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में लोहरदगा-टोरी रेलवे लाइन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में सात भैंसों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गईं। यह घटना बंदुआ गांव के पास हुई, जहां आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस भैंसों के झुंड की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, आनंद विहार से पुरुलिया जा रही ट्रेन संख्या 14022 जब कुड़ू थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव के समीप पहुंची, तभी अचानक 12 भैंसें रेलवे ट्रैक पर आ गईं। ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक उन्हें बचा नहीं सका और जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि सात भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि भैंसों को एक पशु व्यापारी ले जा रहा था, लेकिन वे भटककर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई थीं।
घटना के बाद ट्रेन को मौके पर ही रोक दिया गया, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा ट्रैक को साफ कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ट्रेन को करीब ढाई घंटे बाद सुबह लगभग 10 बजे रांची के लिए रवाना किया गया।
इस घटना के कारण इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। इसी मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस और चोपन एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें संचालित होती हैं।
लोहरदगा आरपीएफ थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पशु अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
No Comment! Be the first one.