NEWS SAGA DESK
पलामू :- बिहार के लखीसराय में आयोजित नीट यूजी पुनर्परीक्षा में कथित गड़बड़ी और सॉल्वर गैंग से जुड़े मामले में झारखंड का कनेक्शन सामने आया है। जांच में पलामू और गिरिडीह की दो महिला अभ्यर्थियों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें किसी अन्य अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने के आरोप में पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, पलामू जिले के हरिहरगंज की रहने वाली एक महिला अभ्यर्थी और गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र की एक अन्य अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र से हिरासत में लिया गया। आरोप है कि दोनों किसी दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रही थीं। बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान पहचान में गड़बड़ी सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
गिरिडीह की अभ्यर्थी वर्तमान में Banaras Hindu University में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है, जबकि पलामू की अभ्यर्थी ओडिशा के एक सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएएमएस की छात्रा बताई जा रही है।
पलामू की अभ्यर्थी के पिता ने बताया कि उन्हें मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि बेटी का मोबाइल पिछले तीन दिनों से बंद है। परिवार को इस घटना की सूचना फोन के माध्यम से मिली, जिसके बाद उनका बेटा बिहार के लिए रवाना हुआ है। परिवार का कहना है कि उसके लौटने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक जानकारी मिल सकेगी।
बताया गया कि संबंधित अभ्यर्थी ने वर्ष 2016 में हरिहरगंज से मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था और जिले के टॉप विद्यार्थियों में शामिल रही थी। इंटरमीडिएट में भी उसने बेहतर प्रदर्शन किया था। वर्ष 2021 में उसने ओडिशा में आयुर्वेदिक चिकित्सा की पढ़ाई के लिए प्रवेश लिया था और वर्तमान में उसका अंतिम वर्ष चल रहा था।
उल्लेखनीय है कि हरिहरगंज क्षेत्र बिहार की सीमा से सटा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सॉल्वर गैंग के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। बिहार पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
No Comment! Be the first one.