बिष्टुपुर से कारोबारी परिवार का बेटा रहस्यमय ढंग से लापता, 25 लाख नकद और क्रेटा कार बरामद

News Saga Desk

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित सीएच एरिया से एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार के बेटे के रहस्यमय ढंग से लापता होने से शहर में सनसनी फैल गई है। आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी मंगलवार दोपहर घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे।
परिजनों के अनुसार, कैरव गांधी दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच अपनी हुंडई क्रेटा कार से घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि वे बैंक ऑफ इंडिया से लगभग 25 लाख रुपये नकद निकालकर निकले थे। घर से निकलने के करीब एक घंटे बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बाद शाम करीब पांच बजे बिष्टुपुर थाना में उनके लापता होने की सूचना दी गई।
युवक के पास बड़ी मात्रा में नकदी होने के कारण परिजन और पुलिस अपहरण की आशंका भी जता रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी। कुछ ही घंटों के भीतर कैरव गांधी की क्रेटा कार सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा स्थित सिल्वर सैंड रिसॉर्ट के पास झाड़ियों के समीप बरामद की गई। हालांकि कार के अंदर कैरव गांधी मौजूद नहीं थे। कार की चाबी मैट के नीचे मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

पुलिस की तकनीकी जांच में यह भी सामने आया है कि कैरव गांधी की अंतिम मोबाइल लोकेशन सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्शनगर इलाके में ट्रेस हुई थी, जिसके बाद उनका फोन बंद हो गया। पुलिस अब उस क्षेत्र और संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
कैरव गांधी एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनका परिवार आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित इम्पीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड समेत कई औद्योगिक संस्थानों से जुड़ा हुआ है। गांधी परिवार को शहर में एक रसूखदार और सम्मानित परिवार के रूप में जाना जाता है।
घटना के बाद जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई है। कई टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि युवक के लापता होने की शिकायत मिली है, कार बरामद कर ली गई है और मोबाइल लोकेशन समेत हर पहलू से जांच की जा रही है। इधर, परिजन कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी को लेकर बेहद चिंतित हैं।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More