NEWS SAGA DESK
देवघर/दुमका :- राज्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार दो दिवसीय संथाल परगना दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत उन्होंने देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल से की, जहां उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और अनुमंडल पदाधिकारी ने उनका स्वागत किया।
मधुपुर में आयोजित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने फील्ड स्तर के अधिकारियों से सीधे संवाद कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और फॉर्म प्रोसेसिंग के दौरान आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ द्वारा पूछे गए प्रश्नों और शंकाओं का उन्होंने मौके पर ही समाधान किया तथा एसआईआर प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रभावी और त्रुटिरहित तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया।
राज्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। उन्होंने सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने की सलाह दी।
मधुपुर में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद के. रवि कुमार दुमका के लिए रवाना हुए। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वे देवघर के अलावा दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा और जामताड़ा जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि प्रक्रिया को सुचारू और त्रुटिरहित बनाया जा सके। दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
दुमका के जरमुंडी प्रखंड सभागार में आयोजित एसआईआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए राज्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को संबोधित किया। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
उन्होंने बीएलओ से सीधे संवाद कर विभिन्न जानकारियां साझा कीं और कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इस कार्य में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजशेखर, जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंदन भगत, अंचलाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी, बीएलओ और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.