हजारीबाग में अपराधियों का कहर: दिनदहाड़े दो युवकों को मारी गोली, तीन दिन में तीसरी बड़ी वारदात

News saga Desk

हजारीबाग। हजारीबाग जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते तीन दिनों में जिले में तीसरी बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है, जिससे आमजन में दहशत का माहौल है। आज केरेडारी प्रखंड अंतर्गत सीकरी ओपी थाना क्षेत्र के केरेडारी-बड़कागांव मुख्य पथ पर पतरा पुल के समीप दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने दो युवकों को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक को सीने के पास गोली लगी है। दोनों घायल युवक बड़कागांव थाना क्षेत्र के लुरुंगा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जेएलकेएम नेता बालेश्वर कुमार, थाना प्रभारी विवेक कुमार और ओपी एसआई संजीव कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल केरेडारी सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद एक युवक को गंभीर स्थिति में हजारीबाग रेफर कर दिया गया। यह हजारीबाग में बीते तीन दिनों में तीसरी बड़ी आपराधिक वारदात है। दो दिन पहले, हजारीबाग टाउन में एक ज्वेलर्स दुकान के सामने 6 से 7 राउंड फायरिंग की गई थी, जिससे शहर में हड़कंप मच गया था। वहीं बीती रात, बड़कागांव के जोराकाठ में अपराधियों ने सड़क निर्माण में लगे जेसीबी, हाईवा सहित कुल 7 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और मजदूरों के साथ मारपीट भी की थी। अब आज, दिनदहाड़े केरेडारी में गोलीबारी की यह वारदात सामने आई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने हजारीबाग की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में बढ़ती अपराधिक घटनाओं को लेकर आम लोगों में डर और प्रशासन पर नाराजगी देखी जा रही है।


Read More News

Read More