News Saga Desk
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने मंगलवार को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है। झारखंड में बिजली गिरने से 5 और महाराष्ट्र में 2 मौतें हुईं हैं। झारखंड, बिहार समेत 13 राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी है।
इधर बेंगलुरु में सोमवार से तेज बारिश जारी है। शहर की ज्यादातर सड़कें पानी में डूबी हैं। 500 से ज्यादा घरों में पानी भर गया। BTM लेआउट में पानी भरे अपार्टमेंट में करंट लगने से 12 साल के बच्चे और 63 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। व्हाइटफील्ड में दीवार गिरने से 35 साल की महिला की मौत हो गई। मौसम विभाग ने बेंगलुरु में आज भी तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
बेंगलुरु की हालात 3 तस्वीरों में…

शहर की अधिकतर सड़कों पर पानी भर गया है। कई इलाकों में गाड़ियां डूब गई हैं।

24 घंटे के अंदर बेंगलुरु में 10 सेमी बारिश हुई है। अधिकतर इलाके पानी में डूब गए हैं।

NDRF की टीम जलभराव वाले इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में हीटवेव
मौसम विभाग ने राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। मैदानी इलाकों में मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उत्तर प्रदेश का बांदा 46.6 डिग्री के साथ देश में सबसे ज्यादा गर्म रहा।
केरल के 4 जिलों में रेड अलर्ट, सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने मंगलवार को केरल के वायनाड और उत्तरी जिलों कासरगोड, कन्नूर, वायनाड और कोझिकोड के लिए रेड अलर्ट जारी किया, जबकि पलक्कड़, मलप्पुरम और त्रिशूर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है क्योंकि इस रीजन के कई इलाकों में भारी बारिश जारी है।
मौसम विभाग ने इडुक्की, एर्नाकुलम, कोट्टायम, अलप्पुझा और पथानामथिट्टा के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। जैसे-जैसे बारिश जारी रहेगी, खासकर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की संभावना बढ़ सकती है।
वहीं, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और नमी के कारण सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में इस बदलाव के चलते राज्य के कई इलाकों में बाढ़ और लैंड स्लाइड का खतरा है।
आगे बढ़ा दक्षिण पश्चिम मानसून
मौसम विभाग ने 19 मई को बताया कि अगले 2-3 दिनों में मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में एक या दो स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।
अगले 2 दिन मौसम का हाल
21 मईः कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, गोवा, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आंधी बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी है।
22 मई: महाराष्ट्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। असम, मेघालय, सिक्किम, झारखंड, बिहार, कोंकण, गोवा, तेलंगाना, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश समेत 23 राज्यों में बारिश होगी। राजस्थान में हीट वेव और धूल भरी आंधी चल सकती है।
No Comment! Be the first one.