बड़े हादसे से बाल-बाल बची हजारों जानें: क्षतिग्रस्त रेलवे पुल से गुजर गईं राजधानी व सासाराम एक्सप्रेस, बाद में रोका गया परिचालन

News Saga Desk

रविवार को लोहरदगा-रांची-टोरी रेलखंड पर एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते टल गई। कोयल नदी पर बने क्षतिग्रस्त रेलवे पुल से राजधानी एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस और लोहरदगा–रांची मेमू पैसेंजर ट्रेन सुरक्षित गुजर गईं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। बाद में जब रेलवे इंजीनियरिंग स्टाफ की नजर पुल के पिलर में आई गंभीर दरारों पर पड़ी, तो तत्काल पुल से सभी ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया।

जानकारी के अनुसार, लोहरदगा के पास कोयल नदी पर स्थित रेलवे पुल संख्या 115 के पिलर संख्या पांच में पहले से आंशिक दरार थी, जिसकी मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसके बावजूद रेलवे ने इस पुल से ट्रेनों का परिचालन जारी रखा। बाद में निरीक्षण के दौरान पिलर संख्या चार में भी गंभीर दरार पाए जाने के बाद रेलवे हरकत में आया और रविवार पूर्वाह्न करीब 10:10 बजे पुल से सभी ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया।

रेलवे की बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि परिचालन रोके जाने से पहले इसी क्षतिग्रस्त पुल से रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस और मेमू पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थीं। हालांकि समय रहते रांची से लोहरदगा जा रही ट्रेन को पुल से पहले ही रोक दिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो सका।

अचानक ट्रेनों को रोके जाने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रांची से लोहरदगा जा रही मेमू ट्रेन के यात्रियों को ट्रेन से उतरकर पैदल रेलवे ट्रैक पार कर अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने कई अहम फैसले लिए हैं।

रेलवे ने फिलहाल रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को लोहरदगा के बजाय मेसरा–बरकाकाना–टोरी रूट से चलाने का निर्णय लिया है। साथ ही 7 जनवरी तक लोहरदगा रेलवे स्टेशन से किसी भी ट्रेन का परिचालन नहीं होगा।

रेलवे के अनुसार,
• रांची-सासाराम एक्सप्रेस 5 से 7 जनवरी तक रद्द रहेगी।
• सासाराम-रांची एक्सप्रेस 6 से 8 जनवरी तक रद्द रहेगी।
• मेमू पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन 5 से 7 जनवरी तक केवल रांची से नगजुआ स्टेशन तक सीमित रहेगा।

रेलवे द्वारा जारी निर्देश में बताया गया है कि कोयल नदी पर बने रेलवे पुल संख्या 115 के पिलर संख्या चार और पांच में गंभीर दरार पाए जाने के बाद इंजीनियरिंग टीम ने पुल को असुरक्षित घोषित किया। इसके बाद तत्काल प्रभाव से सभी ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया। लोहरदगा क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोहरदगा–रांची ट्रेन सहित राजधानी और सासाराम एक्सप्रेस का लोहरदगा स्टेशन तक परिचालन फिलहाल पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है।

Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More