News Saga Desk
कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया. कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी (बोरसी) जलाकर सो रहे एक दंपती की दम घुटने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय वीरेंद्र शर्मा उर्फ नन्हकू और उनकी 48 वर्षीय पत्नी कांति देवी के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र शर्मा कोडरमा बाजार में सैलून का संचालन करते थे. गुरुवार रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद वे अपनी पत्नी के साथ कमरे में सोने चले गए. ठंड अधिक होने के कारण उन्होंने कमरे के अंदर अंगीठी जला ली.
बताया जा रहा है कि अंगीठी से निकलने वाले धुएं और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण कमरे में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो गई, जिससे दोनों का दम घुट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे जब उनकी बड़ी बहू जयंती देवी कमरे में पहुंचीं, तो दोनों जमीन पर बेसुध अवस्था में पड़े मिले और उनकी नाक से खून निकल रहा था. परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के पुत्र का बयान दर्ज किया. इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
No Comment! Be the first one.