मुरैना में दर्दनाक हादसा: ट्रेन से उतरे यात्री दूसरी ट्रेन से कटे, 4 की मौत

News Saga Desk

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया, जिसमें तीन महिलाओं और एक मासूम बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास उस समय हुआ जब उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने और मोबाइल ब्लास्ट होने की अफवाह फैल गई। अफवाह फैलते ही जनरल कोच में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घबराए हुए कई यात्री ट्रेन रुकते ही कोच से उतरकर रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगे। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर तेज गति से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। ट्रैक पर मौजूद कुछ यात्री ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान शकुंतला पत्नी भूरा सिंह (60 वर्ष), आफरीन पत्नी नदीम खान, अशद पुत्र नदीम खान (4 वर्ष) तथा बर्मा देवू पत्नी गिरधारी गिरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

मुरैना पुलिस अधीक्षक और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेन में आग लगने की सूचना महज एक अफवाह थी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में अफवाहों पर भरोसा न करें और रेलवे अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अफवाहों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

Read More News

BRICS सम्मेलन को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, देवघर पहुंची गुजरात पुलिस; संदिग्ध युवक हिरासत में

BRICS सम्मेलन और गांधीनगर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में गुजरात पुलिस देवघर पहुंची।...

Read More